
LEOPARD
बालोतरा: राजस्थान के पचपदरा रिफाइनरी क्षेत्र में बीते 24 घंटे से एक तेंदुए के आतंक ने लोगों में दहशत फैला दी है। तेंदुए ने रिफाइनरी क्षेत्र में दो युवकों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। जोधपुर से बुलाई गई वन विभाग की रेस्क्यू टीम अब तक तेंदुए को पकड़ने में नाकाम रही है।
मंगलवार दोपहर को अचानक तेंदुए के रिफाइनरी क्षेत्र में दिखाई देने के बाद हड़कंप मच गया। तेंदुए ने दो लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया, जिसके बाद वहां के स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल बन गया।
घायल युवकों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।
वन विभाग की टीम ने रिफाइनरी क्षेत्र में सर्च अभियान शुरू किया लेकिन 24 घंटे बाद भी तेंदुए का पता नहीं चल पाया है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
वन विभाग का कहना है कि तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए गए हैं और जल्द ही उसे सुरक्षित रूप से पकड़ लिया जाएगा।