representation image
फलटण, महाराष्ट्र: महाराष्ट्र के सातारा जिले में एक सरकारी अस्पताल में तैनात महिला डॉक्टर की आत्महत्या के मामले में शनिवार को एक बड़ी गिरफ्तारी हुई है। डॉक्टर को गुरुवार रात फलटण कस्बे के एक होटल के कमरे में मृत पाया गया था। पुलिस ने पहले सह-आरोपी प्रशांत बाणकर को पुणे से गिरफ्तार किया, जिसके कुछ ही घंटों बाद मुख्य आरोपी पुलिस उप-निरीक्षक (PSI) गोपाल बदाने ने आत्मसमर्पण कर दिया।
डॉक्टर ने कथित तौर पर अपनी हथेली पर एक नोट लिखा था, जिसमें उसने पीएसआई गोपाल बदाने पर कई बार दुष्कर्म और प्रशांत बाणकर पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बदाने को सेवा से निलंबित कर दिया गया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
बाणकर को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। डॉक्टर के परिजनों ने आरोपियों के लिए कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी की सजा की भी मांग की है। यह मामला अब राजनीतिक रंग भी ले चुका है, जिसमें विपक्षी दलों ने निष्पक्ष और तेज जांच की मांग की है।