Uttar Pradesh weather
सुबह कोहरा और दिन में बादलों का रहेगा असर.
झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव जारी रहने वाला है। मौसम विभाग ने 22 नवंबर को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जतायी है। इस दौरान कुछ स्थानों पर बादलों की गरज के साथ वर्षा हो सकती है। आसमान में बादल छाए रहने के साथ सुबह कोहरा भी देखने को मिलेगा। राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में भी हल्की बारिश होने का अनुमान है। 23 नवंबर को दक्षिणी झारखंड के कुछ जिलों में वर्षा हो सकती है। वहीं, मध्य और उत्तर-पश्चिमी झारखंड में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने की संभावना है। 24 नवंबर से मौसम में सुधार के संकेत हैं। इस दिन सुबह कोहरा रहने के बाद आसमान साफ हो सकता है। 25 नवंबर को भी इसी तरह की स्थिति बने रहने का अनुमान है। 26 और 27 नवंबर को सुबह कुहासा छाने की संभावना है। हालांकि, दिन के समय आसमान साफ रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद पारे में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। न्यूनतम तापमान अगले दो दिनों तक लगभग स्थिर रहने का अनुमान है।
इसके बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। रांची में 22 नवंबर को आसमान में सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान हल्की बारिश के साथ सुबह हल्का से मध्यम कोहरा रहने की संभावना है। 23 नवंबर को राजधानी में आंशिक बादल रहेंगे, लेकिन मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। 24 और 25 नवंबर को सुबह कुहासा छाने के बाद आसमान साफ रहेगा। 26 और 27 नवंबर को भी सुबह कोहरे का असर दिख सकता है। मौसम विभाग ने राज्य को तीन हिस्सों में बांटकर जिलावार पूर्वानुमान जारी किया है। मध्य झारखंड में रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद शामिल हैं। दक्षिणी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में बारिश की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी झारखंड के पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में भी बादल और कोहरे का प्रभाव देखने को मिल सकता है।