cold weather
तापमान में पांच डिग्री तक गिरावट, सुबह कोहरे की चेतावनी.
झारखंड में अगले कुछ दिनों में मौसम का रुख बदलने वाला है। सोमवार को राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 23 नवंबर को कोल्हान और आसपास के दक्षिणी जिलों में वर्षा की संभावना जताई है। इन इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। बारिश के दौरान गरज के साथ बादल भी छा सकते हैं। राजधानी रांची समेत अन्य जिलों में आसमान बादलों से ढका रह सकता है। सोमवार सुबह दक्षिणी, उत्तर-पश्चिमी और मध्य झारखंड के आसपास के क्षेत्रों में घना कोहरा देखने को मिल सकता है। हालांकि, अगले दिन से मौसम में बदलाव शुरू होने की उम्मीद है। 24 नवंबर से आसमान साफ होने लगेगा। बादलों की आवाजाही कम होने के साथ न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के बाद तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इसका असर सुबह और रात के मौसम पर पड़ेगा। लोगों को ठंड का अधिक एहसास होगा।
मौसम केंद्र ने 24 से 28 नवंबर तक सुबह के समय कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा रह सकता है। दिन चढ़ने के बाद मौसम साफ होने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में राज्य के लगभग सभी जिलों में बारिश दर्ज की गई है। कोडरमा में सबसे अधिक 54 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। रांची में शाम 5:30 बजे तक 4.1 मिलीमीटर बारिश हुई। लातेहार में दो मिलीमीटर और खूंटी में करीब एक मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि बारिश का सिलसिला समाप्त होने के बाद ठंड का प्रभाव बढ़ेगा।