jharkhand high court
छह सप्ताह में स्थायी मेंबर सेक्रेटरी नियुक्त करने का निर्देश.
झारखंड हाईकोर्ट ने राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में स्थायी मेंबर सेक्रेटरी की नियुक्ति में हो रही देरी पर नाराजगी जाहिर की है। अदालत ने राज्य सरकार को छह सप्ताह के भीतर इस पद पर नियमित नियुक्ति करने का आदेश दिया है। सोमवार को मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एमएस सोनक की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने इस मामले की सुनवाई की। यह मामला बोर्ड में स्थायी मेंबर सेक्रेटरी की नियुक्ति की मांग को लेकर दाखिल जनहित याचिका से जुड़ा है। अदालत ने सरकार को अगले वर्ष 12 जनवरी तक अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने चेतावनी दी कि आदेश का पालन नहीं होने पर वन विभाग के सचिव को 21 जनवरी को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना पड़ेगा। अदालत ने कहा कि पिछले छह वर्षों से बोर्ड में स्थायी मेंबर सेक्रेटरी का नहीं होना गंभीर विषय है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड राज्य में पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण की रोकथाम के लिए अहम जिम्मेदारी निभाता है। ऐसे महत्वपूर्ण संस्थान में स्थायी पदाधिकारी की नियुक्ति जरूरी है। लंबे समय तक अस्थायी व्यवस्था के सहारे बोर्ड का कामकाज चलाना उचित नहीं है। अदालत ने इस पद को नियमित रूप से भरने की आवश्यकता पर जोर दिया।
याचिकाकर्ता की ओर से अदालत को बताया गया कि बोर्ड में मेंबर सेक्रेटरी की नियुक्ति निर्धारित नियमों के अनुसार स्थायी रूप से होनी चाहिए। इसके बावजूद सरकार ने अब तक नियमित नियुक्ति नहीं की है। वर्ष 2021 से इस पद का काम एक अधिकारी को प्रभारी बनाकर कराया जा रहा है। इस व्यवस्था के कारण बोर्ड में स्थायी नियुक्ति की जरूरत बनी हुई है। प्रार्थी ने अदालत से सरकार को नियमित नियुक्ति करने का निर्देश देने का आग्रह किया। मामले की सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने छह सप्ताह की समयसीमा तय कर दी। सरकार को 12 जनवरी तक अनुपालन रिपोर्ट भी दाखिल करनी होगी। ऐसा नहीं होने पर संबंधित सचिव को अदालत में व्यक्तिगत रूप से जवाब देना पड़ सकता है।