foundation day programme
तीन दिनों तक दिखेगी राज्य की जनजातीय और लोक कला की झलक.
झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा और राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव की शुरुआत उत्साह के साथ हुई। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य सरकार के मंत्री दीपक बिरुवा, दीपिका पांडेय सिंह और संजय प्रसाद ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन के बाद आयोजित सांस्कृतिक संध्या में झारखंड की समृद्ध कला और परंपराओं को प्रदर्शित किया गया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक विविधता को मंच पर उतारा। कार्यक्रम की शुरुआत रांची के कलाकार कुश कुमार करुवा के बांसुरी वादन से हुई। इसके बाद मुंडारी, नागपुरी, उरांव और संथाली जनजातीय नृत्यों का सामूहिक प्रदर्शन किया गया। इन प्रस्तुतियों में झारखंड की अलग-अलग जनजातियों की सांस्कृतिक पहचान देखने को मिली। समारोह में सरायकेला छऊ नृत्य भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। इस प्रस्तुति का नेतृत्व गुरु तपन कुमार पटनायक ने किया। वहीं, वर्षा लकड़ा और उनके दल ने आधुनिक नागपुरी नृत्य पेश किया। महिला बैंड द सजनी ग्रुप ने आधुनिक नागपुरी गीतों और संगीत की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। कार्यक्रम स्थल पर सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियां भी लगाई गईं। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, खेल-कूद एवं युवा संस्कृति विभाग, गृह, कारा एवं आपदा विभाग तथा सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के स्टॉल यहां मौजूद रहे। पूरे परिसर में लगभग 160 स्टॉल स्थापित किए गए हैं। इन स्टॉलों पर सरकारी योजनाओं, विभागीय उपलब्धियों और विभिन्न उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह में कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल हुए। इनमें गृह, कारा एवं आपदा विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल और ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार प्रमुख रूप से मौजूद रहे। संस्कृति निदेशक आसिफ एकराम, खादी बोर्ड निदेशक आलोक कुमार और उद्योग निदेशक विशाल सागर ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। सूचना प्रौद्योगिकी निदेशक माधवी मिश्रा, पर्यटन सचिव मुकेश कुमार तथा पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश भी उपस्थित रहे। झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनन्य मित्तल और झारक्राफ्ट की प्रबंध निदेशक गरिमा सिंह भी समारोह में शामिल हुईं। इस तीन दिवसीय आयोजन का उद्देश्य राज्य की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना है। इसके माध्यम से जनजातीय कला और स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन देने की पहल की जा रही है। साथ ही सरकार की विकास योजनाओं और उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास भी किया जा रहा है। महोत्सव के शेष दिनों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रदर्शनियों और अन्य गतिविधियों का आयोजन जारी रहेगा।