jharkhand police representation image
अवैध कट्टा, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल पुलिस ने की जब्त.
मेदिनीनगर: पलामू जिले के चैनपुर बाजार में पुलिस ने अवैध हथियार रखने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों की पहचान सोनार मोहल्ला निवासी विशाल कुमार सोनी (25 वर्ष) और अभिषेक कुमार (28 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक देसी कट्टा बरामद किया है। इसके साथ ही दो मोबाइल फोन और एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि चैनपुर बाजार में कुछ युवक आपस में मारपीट कर रहे हैं। सूचना देने वाले ने युवकों के पास हथियार होने की बात भी बताई थी। इसके बाद पुलिस ने सूचना की जांच कर कार्रवाई की योजना बनाई। संदिग्ध युवकों को पकड़ने के लिए छापेमारी दल गठित किया गया। पुलिस टीम ने चैनपुर बाजार में पहुंचकर युवकों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल सवार दो युवक भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने उनका पीछा किया और दोनों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों युवकों की तलाशी ली। इस दौरान विशाल कुमार सोनी की कमर से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। उसके पास से एक मोबाइल फोन भी मिला। वहीं, अभिषेक कुमार के पास से एक अन्य मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से मिली मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के लिए भेजा जा रहा है। जांच में अभिषेक कुमार का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2023 में चैनपुर थाना में लूट का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अब इस मामले के साथ अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। छापेमारी अभियान में पुलिस अवर निरीक्षक रमन यादव और पुलिस अवर निरीक्षक राम कुमार उपाध्याय शामिल थे। चैनपुर थाना के रिजर्व गार्ड के जवानों ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।