cold weather
अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक गिरने के आसार.
झारखंड में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। सुबह के वक्त कई जिलों में हल्का कोहरा और धुंध छायी रह रही है। दिन निकलने के बाद तेज धूप से तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। इससे दोपहर के समय लोगों को हल्की गर्मी महसूस हो रही है। हालांकि, शाम होते ही मौसम का रुख बदल जाता है। सूर्यास्त के बाद तापमान गिरने से रात में ठंड बढ़ रही है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट का अनुमान जताया है। 27 नवंबर तक राज्य के कई हिस्सों में रात का तापमान 10 से 12 डिग्री के बीच पहुंच सकता है। लातेहार और रामगढ़ में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक रहने की संभावना है। वहीं रांची में पारा 11 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। ग्रामीण और ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड का असर ज्यादा रहने का अनुमान है। खुले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को रात में अधिक ठंड महसूस हो सकती है। सुबह और शाम गर्म कपड़ों की आवश्यकता बढ़ेगी। इसके बाद न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान भी लगभग स्थिर रहने का अनुमान लगाया गया है।
कोल्हान क्षेत्र में बादल छंटने के बाद अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान के लौटने से आसमान साफ हुआ है। पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में राज्य का सबसे अधिक 31.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। चाईबासा में अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री रहा। जमशेदपुर में पारा 30.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दूसरी तरफ, रांची में अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री दर्ज हुआ। यह सामान्य से 1.6 डिग्री कम है। डालटनगंज में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और बोकारो में 27.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम केंद्र ने 25 से 30 नवंबर तक सुबह हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना जतायी है। दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ रहने का अनुमान है। मध्य झारखंड के रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में इसका असर दिख सकता है। दक्षिणी जिलों पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में भी सुबह धुंध रहने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी हिस्से के पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में भी ऐसा ही मौसम रह सकता है। उत्तर-पूर्वी जिलों देवघर, दुमका, गिरिडीह, जामताड़ा, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में भी सुबह कोहरा छाने का अनुमान है। दिन में धूप निकलने से लोगों को राहत मिलेगी, लेकिन सुबह और रात में ठंड का प्रभाव अधिक रहेगा।