Air India
अहमदाबाद, पुणे और मुंबई के किराये में भारी उछाल.
दीपावली और छठ पर्व के बाद रांची से दूसरे शहरों की यात्रा करने वाले लोगों को हवाई टिकट के लिए अधिक पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं। त्योहारों के दौरान विमान किराये में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म के किराया कैलेंडर में यह अंतर साफ दिखाई दे रहा है। दो से 14 नवंबर के बीच कई प्रमुख रूटों पर टिकट की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं। रांची से अहमदाबाद जाने वाले यात्रियों को सबसे अधिक बढ़ोतरी का सामना करना पड़ रहा है। दो नवंबर को इस रूट पर शुरुआती किराया 7,379 रुपये था। 13 और 14 नवंबर को यही किराया बढ़कर 12,814 से 14,284 रुपये तक पहुंच गया। इस तरह शुरुआती कीमत में करीब 94 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। पुणे जाने वाले यात्रियों के लिए भी हवाई सफर महंगा हो गया है। दो नवंबर की तुलना में 14 नवंबर तक शुरुआती किराये में 8,773 रुपये का अंतर दर्ज किया गया है। इस रूट पर किराये में लगभग 88 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। 13 और 14 नवंबर को पुणे का टिकट 10,008 रुपये से शुरू होकर 18,781 रुपये तक पहुंच रहा है। मुंबई के लिए भी टिकट की कीमतों में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। दो नवंबर को रांची से मुंबई का शुरुआती किराया 8,217 रुपये था। 14 नवंबर को यही कीमत बढ़कर 13,848 रुपये हो गई। इस अवधि में मुंबई रूट पर किराये में करीब 68 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
किराये में इस उछाल के पीछे यात्रियों की बढ़ती मांग और सीमित उड़ानों को प्रमुख वजह माना जा रहा है। रांची से पुणे और अहमदाबाद के लिए सीधी उड़ानों की संख्या कम है। ऐसे में यात्रियों को कई बार कनेक्टिंग फ्लाइट का सहारा लेना पड़ता है। दीपावली आठ नवंबर और भाई दूज 11 नवंबर को है। इसके बाद नौकरीपेशा लोग और विद्यार्थी काम तथा पढ़ाई के लिए वापस लौटेंगे। पुणे, मुंबई और अहमदाबाद जैसे औद्योगिक और आईटी शहरों की ओर यात्रियों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। 13 और 14 नवंबर को सप्ताहांत होने के कारण इन शहरों के लिए टिकटों की मांग और बढ़ सकती है। सीमित सीटों के मुकाबले अधिक बुकिंग होने से एयरलाइंस किराये में बढ़ोतरी कर रही हैं। दिल्ली रूट पर स्थिति कुछ अलग है। रांची से दिल्ली के लिए प्रतिदिन सात सीधी उड़ानें उपलब्ध हैं। दो से आठ नवंबर के बीच इन उड़ानों का शुरुआती किराया 6,570 से 7,316 रुपये के बीच है। हालांकि कनेक्टिंग और शाम की कुछ उड़ानों का किराया 11,316 से 16,326 रुपये तक पहुंच रहा है। बेंगलुरु के लिए प्रतिदिन पांच सीधी उड़ानें संचालित होती हैं। दो नवंबर को इस रूट का शुरुआती किराया 8,200 रुपये था। चार से आठ नवंबर के बीच यह कीमत 9,062 रुपये से शुरू हो रही है। हैदराबाद के लिए शुरुआती किराया 8,895 रुपये है। कुछ उड़ानों में टिकट की कीमत 12,480 रुपये तक पहुंच रही है। विमान किराये पर नियंत्रण को लेकर केंद्र सरकार ने नए नियम भी अधिसूचित किए हैं। भारतीय विमान नियम, 2026 को 31 अक्टूबर को राजपत्र में प्रकाशित किया गया। नियम 192 के तहत असाधारण परिस्थितियों में सरकार जनहित में एयरलाइंस को किराये के संबंध में लिखित निर्देश दे सकती है। डीजीसीए भी विमान किराये की निगरानी करता है। नए नियमों के अनुसार एयरलाइंस को मूल किराया, टैक्स और अन्य शुल्क अलग-अलग दिखाने होंगे। हालांकि ये नियम एक जनवरी 2027 से लागू होंगे। इसलिए इस साल दीपावली और छठ के दौरान यात्रियों को इनसे तत्काल राहत मिलने की संभावना नहीं है। इससे पहले 22 सितंबर को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के राममोहन नायडू ने कहा था कि सरकार त्योहारों के मौसम में हवाई किराये की सीमा तय नहीं करेगी। उन्होंने एयरलाइंस से केवल उचित किराया बनाए रखने की अपील की थी।