representation image
शव का गुपचुप अंतिम संस्कार करने की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार.
रांची के रातू थाना क्षेत्र के तिलता गांव में 32 वर्षीय ललिता देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने उसके पति उमेश पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार, ललिता मूल रूप से चतरा जिले के असरहिया गांव की रहने वाली थी। वर्ष 2012 में उसकी शादी हजारीबाग जिले के केरेडारी निवासी उमेश से हुई थी। उमेश जेसीबी चालक का काम करता है। उसने रातू के तिलता गांव में जमीन खरीदकर अपना मकान बनाया था। शादी के बाद से ललिता अपने पति के साथ वहीं रह रही थी। बताया जाता है कि महिला की मौत के बाद उमेश शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने पैतृक गांव ले जा रहा था। इस दौरान ललिता के मायके वाले वहां पहुंच गए। उन्होंने उमेश को पकड़कर केरेडारी पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में आरोपी को रातू थाना पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मृतका के परिजनों ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले ललिता और उसके पति के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। दोनों के बीच काफी कहासुनी हुई थी। हालांकि, आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर विवाद समाप्त करा दिया था। मायके वालों का आरोप है कि इसी विवाद के कारण उमेश ने ललिता की हत्या कर दी। दूसरी ओर, आरोपी पति ने पुलिस पूछताछ में हत्या करने की बात से इनकार किया है। उसका कहना है कि ललिता घर की सीढ़ियों से गिर गई थी। हादसे में उसे चोट लगी थी और उसका इलाज कराया जा रहा था। उमेश के अनुसार, चोट के कारण ही उसकी पत्नी की मौत हुई है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी। जांच में प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।