jharkhand police representation image
बाइक, हथियार और संगठन के पर्चे पुलिस ने किए जब्त.
खूंटी जिले में PLFI के नाम पर लेवी वसूलने की कोशिश कर रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों व्यवसायियों और निर्माण कार्य में लगे लोगों को निशाना बनाकर पैसे मांग रहे थे। पुलिस ने उन्हें रनिया थाना क्षेत्र से पकड़ा है। गिरफ्तार युवकों के पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। इसके अलावा PLFI के तीन पर्चे, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम पुलिस की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि 13 नवंबर को तपकरा थाना क्षेत्र के कमड़ा मोड़ स्थित आवासीय विद्यालय में PLFI का पर्चा फेंका गया था। इसके माध्यम से विद्यालय प्रबंधन से लेवी मांगी गई थी। इसके बाद 15 नवंबर को पश्चिमी सिंहभूम के आनंदपुर थाना क्षेत्र में भी ऐसी ही घटना सामने आई। वहां VKS सड़क निर्माण कार्य से जुड़े लोगों को पर्चा देकर रकम मांगी गई थी। लगातार दो घटनाएं सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। एसडीपीओ तोरपा विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में तपकरा, रनिया और आनंदपुर थाने के पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया।
21 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि तीन संदिग्ध बिना नंबर प्लेट वाली पल्सर मोटरसाइकिल से रनिया की ओर आ रहे हैं। वे जयपुर और कैलो की तरफ से पहुंचने वाले थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में निगरानी और घेराबंदी शुरू कर दी। इस दौरान दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी में उनके पास से हथियार, कारतूस और PLFI के पर्चे मिले। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजू मांझी (24) और अंकुश बागे उर्फ दोन्दो (24) के रूप में हुई है। दोनों केलो गांव के निवासी हैं। संजू मांझी के पिता का नाम बालू मांझी है। वहीं, अंकुश बागे के पिता राम बागे हैं। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
छापेमारी अभियान में एसडीपीओ तोरपा विजय कुमार सिंह के साथ मनोहरपुर अंचल के अमित रोशन कुल्लू शामिल थे। रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार और आनंदपुर थाना प्रभारी प्रिंस ने भी अभियान में भाग लिया। तपकरा थाना के सहायक अवर निरीक्षक कैलाश उरांव सहित तीनों थानों के सशस्त्र जवानों ने कार्रवाई में सहयोग किया।