jharkhand high court
कट-ऑफ डेट के आधार पर नियमितीकरण रोकने का आदेश रद्द.
झारखंड हाईकोर्ट ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में लंबे समय से कार्यरत एक कर्मचारी के मामले में महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। अदालत ने बाहा उरांव की सेवा नियमित करने से इनकार करने वाले विभागीय आदेश को निरस्त कर दिया है। न्यायमूर्ति दीपक रोशन की अदालत ने कहा कि 1988 की कट-ऑफ डेट के आधार पर कर्मचारी के दावे को खारिज करना उचित नहीं था। बाहा उरांव रांची के कांके रोड के निवासी हैं। वह जून 1989 से विभाग के स्वर्णरेखा वितरण प्रमंडल में काम कर रहे हैं। उनकी नियुक्ति कीमैन-कम-वाचमैन के पद पर दैनिक वेतनभोगी और कार्यभारित कर्मचारी के रूप में हुई थी। इस दौरान उन्होंने लगातार 37 वर्षों से अधिक समय तक अपनी सेवाएं दीं। कर्मचारी ने सेवा नियमित करने के साथ पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने की मांग की थी। इसके लिए उन्होंने हाईकोर्ट में रिट याचिका दाखिल की थी। विभाग ने 11 जुलाई 2022 को उनकी मांग खारिज कर दी थी। विभाग का तर्क था कि नियमितीकरण का लाभ केवल 1 जनवरी 1988 से पहले नियुक्त कर्मचारियों को दिया जा सकता है। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता शशांक शेखर ने अदालत में पक्ष रखा। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने विभाग के इस तर्क पर गंभीर आपत्ति जताई। अदालत ने पाया कि विभाग पहले भी कट-ऑफ डेट के बाद नियुक्त कुछ कर्मचारियों को नियमित कर चुका है। उन कर्मचारियों ने पांच वर्ष की सेवा पूरी कर ली थी। उनके नियमितीकरण का आधार जिला स्थापना समिति का निर्णय था। ऐसे में बाहा उरांव के मामले में अलग मापदंड अपनाना उचित नहीं है।
अदालत ने कहा कि समान परिस्थितियों वाले कर्मचारियों के बीच इस तरह का भेदभाव मनमाना है। यह संविधान के अनुच्छेद 14 में दिए गए समानता के अधिकार के भी खिलाफ है। कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के जग्गो बनाम भारत संघ और विनोद बनाम भारत संघ के 2024 के फैसलों का भी हवाला दिया। इन फैसलों के संदर्भ में अदालत ने लंबे समय तक स्थायी प्रकृति का काम लेने के बाद नियमितीकरण से वंचित रखने पर चिंता जताई। कोर्ट के अनुसार, केवल तकनीकी या प्रक्रियागत कमियों के आधार पर कर्मचारी को अधिकारों से दूर रखना व्यवस्थागत शोषण के समान हो सकता है। अदालत ने 11 जुलाई 2022 के विभागीय आदेश को रद्द कर दिया। राज्य सरकार और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को आदेश की प्रति मिलने के 12 सप्ताह के भीतर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है। निर्देश के अनुसार, याचिकाकर्ता की सेवा स्वीकृत पद के विरुद्ध नियमित की जाए। इसके साथ ही सेवा निरंतरता के लाभ पर भी विचार किया जाए। अदालत ने बकाया वेतन, सेवानिवृत्ति और पेंशन संबंधी लाभों पर भी विचार करने का निर्देश दिया है। ये लाभ उन कर्मचारियों के समान आधार पर देखे जाएंगे, जिन्हें पहले नियमित किया गया था। इस फैसले से लंबे समय से विभाग में काम कर रहे कर्मचारी की नियमितीकरण संबंधी मांग को राहत मिली है।