cold weather
रांची में तापमान गिरा, लातेहार रहा राज्य का सबसे ठंडा जिला.
झारखंड में मौसम का रुख बदलने के साथ ही ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। आसमान साफ होते ही राजधानी रांची सहित राज्य के अलग-अलग जिलों में कनकनी बढ़ गई है। सुबह और देर रात लोगों को ठंड का अधिक एहसास हो रहा है। मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, रांची के न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटे के दौरान 0.8 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। बुधवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री था, जो गुरुवार को घटकर 12.4 डिग्री सेल्सियस हो गया। अधिकतम तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है। बुधवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया था, जबकि गुरुवार को यह 24.7 डिग्री रहा। सुबह के समय धुंध और कम दृश्यता की स्थिति भी बनी रही। रांची में दृश्यता घटकर 1500 मीटर रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों में लातेहार सबसे ठंडा जिला रहा। यहां न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुमला में भी रात का पारा 9.8 डिग्री तक पहुंच गया। खूंटी और हजारीबाग में न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस रहा। सिमडेगा में यह 11.3 डिग्री दर्ज किया गया। सरायकेला में न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
राज्य के प्रमुख शहरों में जमशेदपुर सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चाईबासा में अधिकतम तापमान 28.4 और न्यूनतम 13.6 डिग्री रहा। डालटनगंज में अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री तथा न्यूनतम 12.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बोकारो थर्मल में अधिकतम तापमान 25.1 और न्यूनतम 12.2 डिग्री रहा। वहीं, कोडरमा में अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी के अलग-अलग इलाकों में भी तापमान का अंतर सामने आया है। हिनू में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री और अधिकतम 24.7 डिग्री रहा। कांके में न्यूनतम पारा 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नामकुम में तापमान गिरकर 9 डिग्री तक पहुंच गया। इससे रांची के बाहरी क्षेत्रों में अधिक ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश नहीं हुई है। फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है।