IIFT
माटी कला के प्रदर्शन के साथ हस्तशिल्प उत्पादों पर विशेष छूट.
नई दिल्ली में आयोजित भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में झारखंड पवेलियन लगातार लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। मेले के अंतिम दिनों में भी यहां आने वाले दर्शकों की रुचि बनी हुई है। पवेलियन में राज्य की पारंपरिक कला, संस्कृति और स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है। इनमें माटी कला बोर्ड की ओर से आयोजित मिट्टी के बर्तन बनाने का लाइव डेमो विशेष आकर्षण बना हुआ है। इस प्रस्तुति में कारीगर पारंपरिक चाक की मदद से मिट्टी को अलग-अलग आकार देते हैं। उनकी कुशलता देखकर दर्शक इस कला को करीब से जानने की कोशिश कर रहे हैं। मिट्टी से सुंदर बर्तन और कलात्मक वस्तुएं तैयार होते देखना लोगों के लिए खास अनुभव बन रहा है। इस दौरान आगंतुक कारीगरों की तकनीक और उनके काम की बारीकियों को भी समझ रहे हैं। लाइव डेमो में हस्तकरघा एवं हस्तशिल्प विभाग की निदेशक प्रीति रानी ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने खुद चाक पर मिट्टी रखकर उसे आकार देने का प्रयास किया। इस अनुभव के बाद उन्होंने झारखंड की पारंपरिक माटी कला की विशेषताओं को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि राज्य की मिट्टी में यहां की संस्कृति और परंपराओं की पहचान समाहित है। स्थानीय कलाकारों की रचनात्मकता इस कला को विशिष्ट बनाती है। उनके अनुसार, माटी कला को केवल एक हस्तशिल्प के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। यह झारखंड की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक आजीविका का अहम हिस्सा है। ऐसे आयोजनों से कलाकारों की मेहनत और प्रतिभा को आम लोगों के सामने लाने का अवसर मिलता है।
दूसरी ओर, मेले के समापन से पहले झारखंड पवेलियन के विभिन्न स्टॉलों पर विशेष छूट दी जा रही है। चुनिंदा उत्पादों की खरीदारी पर ग्राहकों को 20 से 30 प्रतिशत तक की छूट मिल रही है। इससे आगंतुकों को राज्य के पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय वस्तुएं किफायती कीमतों पर खरीदने का मौका मिल रहा है। पवेलियन में कला, संस्कृति और खरीदारी की सुविधाएं एक साथ उपलब्ध हैं। यही वजह है कि IITF-2026 के अंतिम दिनों में भी झारखंड पवेलियन दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।