representation image
सड़क हादसे में दो लोगों की मौत, छह घायल गंभीर हालत में.
पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हुआ। बारातियों से भरी एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक 12 वर्षीय बच्चा भी शामिल है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा तफरी का माहौल बन गया। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन बारंगा गांव से बारात लेकर समीज गांव गया था। लौटने के दौरान उंधन गांव के पास यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया था। इसके बाद गाड़ी करीब दस फीट नीचे खेत में गिर गई।
घटना की सूचना मिलते ही मनोहरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तुरंत मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान रोहन गोप और दशरथ सरदार के रूप में हुई है। रोहन गोप की उम्र 12 वर्ष थी। वहीं दशरथ सरदार की उम्र 25 वर्ष बतायी गई है। बाकी घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। घटना के बाद मृतकों के घरों में शोक का माहौल है।
घायलों में सूरज महतो, शिशुपाल मोदी और राहुल गोप शामिल हैं। इसके अलावा गोपी मोदी, सौरभ लोहार और सुरेश गोप भी घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही सामने आ रही है। ग्रामीणों के अनुसार वाहन तेज गति में चल रहा था। हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गये। पुलिस ने लोगों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।