accident representation image
धनबाद में सबसे ज्यादा बढ़ीं मौतें, पाकुड़ में घायल हुए अधिक लोग.
रांची। झारखंड में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। साल 2026 के पहले नौ महीनों में राज्य के अलग-अलग जिलों में 4556 सड़क हादसे हुए हैं। इन घटनाओं में 3550 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2971 लोग घायल हुए हैं। पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले इस बार दुर्घटनाओं और उनमें जान गंवाने वालों की संख्या बढ़ी है। झारखंड पुलिस मुख्यालय के सड़क सुरक्षा प्रभाग की रिपोर्ट में यह तथ्य सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी से सितंबर 2025 के बीच राज्य में 4282 सड़क दुर्घटनाएं हुई थीं। उस दौरान 3409 लोगों की मौत हुई थी और 2728 लोग घायल हुए थे। इस साल हादसों की संख्या में 274 की वृद्धि हुई है। वहीं, मृतकों की संख्या 141 और घायलों की संख्या 243 अधिक रही है। आंकड़ों के अनुसार, दुर्घटनाओं में 6.40 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। मौतों की संख्या में 4.14 प्रतिशत और घायलों की संख्या में 8.91 प्रतिशत का इजाफा दर्ज किया गया है। राज्य में हर दिन औसतन 17 सड़क हादसे हो रहे हैं। इन घटनाओं में रोजाना करीब 13 लोगों की जान जा रही है।
जिलावार आंकड़ों में धनबाद में सबसे अधिक वृद्धि दर्ज की गई है। यहां सड़क हादसों में मरने वालों की संख्या 173 से बढ़कर 268 हो गई है। यानी एक साल में 95 अधिक लोगों की मौत हुई है। गढ़वा में भी मृतकों की संख्या 89 से बढ़कर 133 पहुंच गई है। जमशेदपुर में यह आंकड़ा 153 से बढ़कर 178 हो गया है। रामगढ़ में 145 के मुकाबले 168 लोगों की मौत हुई है। हजारीबाग में भी मृतकों की संख्या 233 से बढ़कर 247 हो गई है। दूसरी तरफ, रांची सहित कुछ जिलों में स्थिति में सुधार दर्ज किया गया है। रांची में सड़क हादसों में 28 कम लोगों की मौत हुई है। खूंटी में 31, सरायकेला में 24 और गिरिडीह में 19 मौतें कम हुई हैं। देवघर में भी मृतकों की संख्या में पांच की कमी आई है। घायलों के आंकड़ों में पाकुड़ सबसे आगे रहा है। यहां पिछले साल 15 लोग घायल हुए थे, जबकि इस साल यह संख्या बढ़कर 59 हो गई है। गढ़वा में घायलों की संख्या 90 से बढ़कर 149 और बोकारो में 92 से बढ़कर 145 हो गई है। गुमला में 76 के मुकाबले 122 लोग घायल हुए हैं। लातेहार में भी घायलों का आंकड़ा 113 से बढ़कर 168 पहुंच गया है। हालांकि, पलामू और देवघर में घायलों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई है। कुल आंकड़े राज्य में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर रहे हैं।