murder
आदित्यपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर पिस्टल भी की बरामद.
सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में एक छोटी सी बात ने दोस्ती को खूनी अंजाम तक पहुंचा दिया। सिगरेट मांगने को लेकर हुए विवाद में विशाल कुमार सिंह ने अपने दोस्त सोनू कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात 9 नवंबर की शाम जमालपुर के सतवाहिनी इलाके में हुई थी। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस ने अब उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। सरायकेला एसडीपीओ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना शाम करीब 7:15 बजे हुई थी। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई थी। टीम ने मानवीय सूचना के साथ तकनीकी साक्ष्यों की मदद से उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को आरोपी के सापड़ा पुल के पास होने की जानकारी मिली। टीम ने वहां छापेमारी कर विशाल को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान घटना के पीछे सिगरेट को लेकर हुआ विवाद सामने आया। पुलिस के मुताबिक, विशाल और सोनू काफी समय से एक-दूसरे के दोस्त थे। दोनों के परिवारों के बीच भी आपसी जान-पहचान थी।
घटना वाले दिन दोनों साथ में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान सोनू ने विशाल से सिगरेट मांगी। इस बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर विशाल ने पिस्टल निकालकर सोनू को गोली मार दी। गोली लगने के बाद सोनू ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद विशाल वहां से भाग निकला। वह डिमना चौक पहुंचा और उसी रात बस से शेरघाटी चला गया। वहां कुछ समय बिताने के बाद उसने वापस लौटने का फैसला किया। लौटते समय पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना से जुड़ी जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पिस्टल बरामद की। इसके बाद जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।