CRIME
तीन तरह से लोगों को ठगकर खाते से उड़ाते थे पैसे.
जामताड़ा जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर चार साइबर ठगी के आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से आठ मोबाइल फोन और 13 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अलग-अलग तरीकों से लोगों को धोखा देकर उनके बैंक खातों से पैसे निकालते थे। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद साइबर डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई का निर्देश दिया गया। पुलिस टीम ने तीन थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया। करमाटांड़ थाना क्षेत्र के देवलबाड़ी गांव से समरेश मंडल (25) और प्रलाध कुमार मंडल (26) को गिरफ्तार किया गया। नारायणपुर थाना क्षेत्र के बिस्टोपुर गांव से खगेन दाँ (22) पुलिस के हाथ लगा। वहीं, जामताड़ा थाना क्षेत्र के सोनबाद गांव से उत्तम नाग (37) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और शुरुआती जांच में आरोपियों के ठगी करने के तीन अलग-अलग तरीके सामने आए। समरेश मंडल और प्रलाध कुमार मंडल आरटीओ ई-चालान के नाम पर लोगों को निशाना बनाते थे। वे व्हाट्सऐप पर ई-चालान से संबंधित संदेश भेजकर APK फाइल डाउनलोड करने को कहते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति उस फाइल को इंस्टॉल करता था, उसकी गोपनीय जानकारी आरोपियों तक पहुंच जाती थी। इसके बाद वे संबंधित व्यक्ति के बैंक खाते से रुपये निकाल लेते थे। दूसरे आरोपी खगेन दाँ की ठगी का तरीका अलग था। वह खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को फोन करता था। बातचीत के दौरान वह एटीएम नंबर, सीवीवी और ओटीपी जैसी संवेदनशील जानकारियां हासिल कर लेता था।
पुलिस के मुताबिक, खगेन इन जानकारियों का इस्तेमाल कर ई-वॉलेट और फर्जी बैंक खातों के माध्यम से ठगी करता था। वहीं, उत्तम नाग फोन-पे पर 2,999 रुपये कैशबैक मिलने का लालच देता था। वह लोगों को संदेश भेजकर कैशबैक स्वीकार करने के बहाने अपने जाल में फंसाता था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले से साइबर ठगी के मामले दर्ज हैं। समरेश मंडल के खिलाफ जामताड़ा साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 35/22 दर्ज है। खगेन दाँ के खिलाफ कांड संख्या 70/21 और 56/25 के तहत भी मामले दर्ज हैं। छापेमारी अभियान में साइबर अपराध थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस अवर निरीक्षक नितिन कुमार और सहायक अवर निरीक्षक हीरालाल महतो शामिल थे। पुलिस बल के अन्य जवानों ने भी अभियान में सहयोग किया। पुलिस ने लोगों को अनजान नंबरों से आने वाले संदेशों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है। किसी भी अनजान APK फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल नहीं करने की अपील की गई है। साथ ही एटीएम नंबर, सीवीवी और ओटीपी किसी के साथ साझा नहीं करने को कहा गया है। पुलिस के अनुसार, ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सावधानी बरतकर साइबर ठगी से बचा जा सकता है।