CRIME
तमाड़ पुलिस फरार दो आरोपियों की तलाश में जुटी.
रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। यह वारदात दिवाली के दिन रंगामाटी में हुई थी। चाकू से हमला किए जाने के बाद कांग्रेस महतो की मौत हो गई थी। पुलिस ने जांच के दौरान चार आरोपियों को पकड़ लिया है। हालांकि, मामले के दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।
मृतक कांग्रेस महतो तमाड़ क्षेत्र के गोमियाकोचा गांव का निवासी था। उसकी पत्नी पूजा कुमारी ने घटना के बाद नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस को ग्रामीणों से रंगामाटी की शराब दुकान के पास विवाद और मारपीट की सूचना मिली थी। बताया गया था कि झगड़े के दौरान एक युवक को चाकू मार दिया गया है।
सूचना मिलने पर तमाड़ थाना की पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी के आधार पर जांच शुरू की। पूछताछ में हॉर्न बजाने को लेकर विवाद शुरू होने की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, मृतक अपने तीन साथियों के साथ सड़क पर बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान आरोपी एक कार से वहां पहुंचे थे।
कार का हॉर्न बजाने के बाद भी सड़क पर बैठे युवक रास्ते से नहीं हटे। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले बहस हुई। बाद में विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया। इसी दौरान कांग्रेस महतो पर चाकू से हमला किया गया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी जान चली गई।
इस मामले में पुलिस ने बिट्टु गुप्ता, टिंकु दास, गरुपदो मुंडा और निखिल भुमिज को गिरफ्तार किया है। राहुल मछुआ और मानिक मछुआ भी इस कांड में आरोपी बनाए गए हैं। ये दोनों फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। हालांकि, वारदात में इस्तेमाल चाकू की बरामदगी अभी नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। चारों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।