CRIME
दो आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल बाइक समेत सामान बरामद.
जमशेदपुर : भारत फाइनेंस कंपनी के एजेंट से हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गये आरोपियों की पहचान सेनापति बेरा (40) और नौशाद अंसारी (39) के रूप में हुई है। सेनापति बेरा बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के सियालबिंदा का रहने वाला है। वहीं, नौशाद अंसारी सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के वार्ड नंबर आठ का निवासी है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट की घटना में इस्तेमाल की गयी बाइक बरामद की है। इसके साथ ही नकदी, मोबाइल फोन और टैबलेट भी जब्त किये गये हैं। पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर को धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र में यह वारदात हुई थी। गोगलो जाने वाले रास्ते पर भारत फाइनेंस कंपनी का एक एजेंट जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधियों ने उसे रोककर लूटपाट की। आरोपियों ने एजेंट से 80 हजार रुपये छीन लिये। इसके अलावा उसका मोबाइल फोन और टैबलेट भी लेकर फरार हो गये। घटना के बाद पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज करायी थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम गठित की गयी।
जांच के दौरान पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बाइक के बारे में जानकारी जुटायी। बाइक के मालिक के रूप में नौशाद अंसारी की पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने उसके मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच की। जांच में घटना के समय उसकी मोबाइल लोकेशन घटनास्थल के आसपास मिली। इस महत्वपूर्ण सुराग के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से घटना से संबंधित सामान भी बरामद किया गया है। पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।