Uttar Pradesh weather
तेज हवाओं के साथ वज्रपात की भी संभावना.
रांची : झारखंड में रविवार से मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के कई इलाकों में बारिश और गरज के साथ वज्रपात की चेतावनी दी है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा और जामताड़ा में मौसम का असर अधिक रह सकता है। उत्तर-पश्चिम और मध्य झारखंड के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। शनिवार को भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हुई। जमशेदपुर में 52.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सबसे अधिक रही। रांची में 7.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। डाल्टनगंज में 13.6 मिलीमीटर और चाईबासा में 9.4 मिलीमीटर बारिश हुई। बोकारो में 3.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
खूंटी में 19 मिलीमीटर और लातेहार में 9 मिलीमीटर बारिश हुई। शनिवार को रांची का मौसम भी सुहावना रहा। यहां अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 10 से 12 अगस्त के दौरान बारिश की संभावना जताई है। इस अवधि में कई जगहों पर बादल छाए रहेंगे और बारिश हो सकती है। 10 अगस्त को दक्षिणी और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। 11 और 12 अगस्त को भी गरज, वज्रपात और तेज हवाओं का असर रह सकता है। इसके बाद 13 और 14 अगस्त को भी कई हिस्सों में बारिश होने का अनुमान है। रांची में 12 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। राजधानी में दिन का तापमान 30 से 31 डिग्री और रात का तापमान 23 से 24 डिग्री के आसपास रह सकता है।
झारखंड में बारिश के नए दौर के बावजूद मानसून का आंकड़ा सामान्य से कम बना हुआ है। राज्य में अब तक सामान्य से 21 फीसदी कम बारिश हुई है। अब तक औसतन 465.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य आंकड़ा 590.8 मिलीमीटर है। चतरा में सामान्य से 55 फीसदी कम बारिश हुई है। गोड्डा में बारिश की कमी 57 फीसदी तक पहुंच गई है। देवघर में 46 फीसदी और गिरिडीह में 41 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। कोडरमा में भी सामान्य से 43 फीसदी कम बारिश हुई है। इसके विपरीत पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 21 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है। रांची और साहिबगंज में बारिश की कमी करीब 8 फीसदी रही है। आने वाले दिनों में बारिश होने से राज्य में बारिश की कमी कुछ हद तक कम होने की उम्मीद है।