representation image
गुमला कोर्ट ने लगाया 80 हजार रुपये का जुर्माना.
गुमला की अदालत ने माओवादी संगठन के जोनल कमांडर रहे राम प्रसाद लकड़ा को 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। उस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था। जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश-तीन भूपेश कुमार की अदालत ने उसे आर्म्स एक्ट और सीएलए एक्ट की चार धाराओं के तहत दोषी पाया। कोर्ट ने सभी धाराओं में अलग-अलग सजा निर्धारित की है। हालांकि, सभी सजाएं एक साथ चलेंगी। इस कारण आरोपी को कुल 10 साल जेल में रहना होगा। अदालत ने उस पर 80 हजार रुपये का आर्थिक जुर्माना भी लगाया है। फैसला सुनाए जाने से पहले राम प्रसाद लकड़ा ने अदालत से सजा में छूट देने की गुहार लगाई थी। उसने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए खुद को गरीब बताया। उसने कहा कि उसके परिवार में कमाने वाला वह अकेला सदस्य है। उसकी गिरफ्तारी के कारण परिवार के सामने आर्थिक परेशानी है। इसलिए उसने अदालत से कम सजा देने की मांग की। लेकिन अदालत ने उसकी अपील स्वीकार नहीं की। कोर्ट ने मामले की गंभीरता और बरामद हथियारों को देखते हुए कठोर सजा सुनाई। इस मुकदमे की सुनवाई में अभियोजन पक्ष ने कुल 17 गवाहों को पेश किया। इनमें पुलिस अधिकारी, मुठभेड़ में शामिल जवान, अनुसंधानकर्ता और चिकित्सा विशेषज्ञ शामिल थे। इसके अलावा अदालत में प्राथमिकी, जब्ती सूची और विशेषज्ञ रिपोर्ट जैसे दस्तावेज भी प्रस्तुत किए गए। अभियोजन पक्ष की ओर से पेश किए गए साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने आरोपी को दोषी करार दिया।
राम प्रसाद लकड़ा की गिरफ्तारी वर्ष 2015 में हुई पुलिस कार्रवाई के बाद हुई थी। यह घटना 11 जून 2015 की है। उस दिन चैनपुर थाना क्षेत्र के कटकाही नाला जंगल के पास पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। तत्कालीन एएसपी पवन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने जंगल में अभियान चलाया था। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने राम प्रसाद लकड़ा समेत तीन माओवादियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, उसके पास से छह नियमित राइफल और करीब 300 गोलियां बरामद हुई थीं। इसके अलावा विस्फोटक सामग्री, नक्सली वर्दी और अन्य सामान भी जब्त किए गए थे। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वह करीब 22 वर्षों तक माओवादी संगठन में सक्रिय रहा था। फिलहाल वह रांची के होटवार जेल में बंद है। अदालत के ताजा फैसले के बाद उसे 10 साल की सजा भुगतनी होगी।