jharkhand police representation image
लाठीचार्ज में देवेंद्र नाथ महतो को लगी चोट.
Ranchi: विधानसभा घेराव के बाद वापस लौट रहे छात्रों और पुलिस के बीच फिर विवाद हो गया। सोमवार शाम करीब 6:30 बजे छात्रों और प्रशासन के बीच नोकझोंक हुई। इसके बाद अभ्यर्थियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने छात्रों पर लाठीचार्ज कर दिया। लाठीचार्ज के बाद वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। अंधेरा होने के कारण छात्र अलग-अलग दिशाओं में भागते नजर आए। इस दौरान कई छात्रों के घायल होने की जानकारी मिली है। घटना के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस की कार्रवाई की आलोचना की गई। हालांकि पुलिस ने छात्रों पर पत्थरबाजी करने का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक छात्रों की पत्थरबाजी के बाद भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया गया।
जानकारी के अनुसार देवेंद्र नाथ महतो पहले से भूख हड़ताल पर बैठे थे। विधानसभा घेराव के बाद वह अभ्यर्थियों के साथ सड़क पर बैठ गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों की ओर से फिलहाल किसी बड़े चोट की पुष्टि नहीं की गई है। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस और छात्रों की ओर से घटना को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं।
JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ छात्र कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। सोमवार को यह आंदोलन विधानसभा घेराव तक पहुंच गया। राज्य के 24 जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रांची पहुंचे थे। छात्रों ने विधानसभा की ओर बढ़ने के लिए कई रास्तों का इस्तेमाल किया। कुछ छात्र पहाड़ पार कर विधानसभा की ओर बढ़े। कई छात्र खेतों के रास्ते भी आगे बढ़ते नजर आए। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच कई बार नोकझोंक हुई। छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने दिन में दो से तीन बार लाठीचार्ज किया। इसके बावजूद कई छात्र विधानसभा के गेट तक पहुंच गए। घेराव समाप्त होने के बाद लौटते समय हुई घटना ने आंदोलन को और गंभीर बना दिया है। अब पुलिस कार्रवाई और छात्रों के आरोपों को लेकर मामला चर्चा में है।